'ट्रैक्टर का माइलेज' क्या होता है? क्या इसकी कोई औपचारिक परिभाषा है? क्या यह कार के माइलेज जैसा ही है? इसका उत्तर यह है कि हमारे पास इस शब्द की कोई औपचारिक परिभाषा नहीं है, न ही यह कार के माइलेज जैसा है। ट्रैक्टर का माइलेज एक लीटर ईंधन पर प्रति घंटे ट्रैक्टर द्वारा किए गए कुल काम के रूप में समझा जा सकता है। उदाहरण के लिए, आप प्लाऊ का उपयोग करके एक घंटे तक जुताई करने के बाद इसके डीजल की खपत का विश्लेषण कर सकते हैं। एक अन्य विधि यह गणना करना है कि विभिन्न कार्यों को करते समय यह प्रति लीटर डीजल में कितनी भूमि को कवर करता है।
जैसा कि पहले चर्चा की गई है, ट्रैक्टर के माइलेज का मूल्यांकन करने के कई तरीके हैं। हालाँकि, सबसे तकनीकी तरीकों में से एक ट्रैक्टर पर लगे मेटल की प्लेट पर लिखी हुयी विशिष्ट ईंधन खपत (SFC) की जाँच करना है। इस प्लेट पर मॉडल का नाम, चेसिस नंबर एवं अधिकतम PTO पॉवर जैसी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी भी होती है। ब्रांड द्वारा प्रदान किया गया SFC भरोसेमंद होता है, क्योंकि इसे पहले केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान, बुदनी द्वारा कठोर परीक्षण प्रक्रियाओं के माध्यम से परखा जाता है एवं उसके बाद ही ट्रैक्टर निर्माता द्वारा उपयोग किया जाता है।
SFC किसी इकाई समय में जनरेट किये जाने वाले पॉवर के लिए खपत हुए ईंधन की मात्रा को दर्शाता है। सरल शब्दों में कहें तो इंजन ईंधन को कितनी कुशलता से बिजली में परिवर्तित करता है यह उसका माप है। कम SFC वाला ट्रैक्टर अधिक ईंधन कुशल मॉडल होते हैं।
ध्यान दें कि ब्रांड द्वारा प्रदान की गई SFC की गणना नियंत्रित परिस्थितियों में की जाती है। इसलिए, वास्तविक उपयोग के दौरान ईंधन दक्षता अन्य कारकों के अलावा किए गए कार्य के प्रकार एवं क्षेत्र की स्थितियों के आधार पर भिन्न-भिन्न हो सकती है।
किसी भी ट्रैक्टर की खरीदारी के निर्णय को प्रभावित करने में उसकी ईंधन कुशलता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ईंधन दक्षता जितनी ज़्यादा होगी, उतनी ही किसानों के कृषि लागत में बचत होगी। इसके अलावा, ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण कम ईंधन खपत करने वाले ट्रैक्टर को चुनना ज़रूरी हो जाता है। इसलिए, ट्रैक्टर खरीदने का फ़ैसला करने से पहले कार्य के दौरान उसके ईंधन खपत की दर की समीक्षा करनी ज़रूरी है।
भारत में टॉप 10 ईंधन कुशल ट्रैक्टर्स की लिस्ट निम्नलिखित हैं।
कुबोटा MU 5502 का SFC 235 g/kWh है, जो इस सूची के ट्रैक्टरों में सबसे कम है। यह इको-सेंट्रल डायरेक्ट इंजेक्शन सिस्टम के साथ पॉपुलर V2403-M-DI-TE3 इंजन से लैस होता है। यह ई-CDIS तकनीक कम ईंधन खपत के साथ-साथ इसके स्वच्छ एवं शांत पॉवर जनरेशन को सुनिश्चित करता है। इसके उन्नत इंजन में झुके हुए नोजल के बजाय ऊर्ध्वाधर ईंधन-इंजेक्टिंग नोजल हैं। इसके अलावा, 4 वाल्व प्रणाली न केवल बेहतर दहन बल्कि अधिक शक्ति भी सुनिश्चित करती है। बैलेंस शाफ्ट तकनीक के कारण, इंजन का कंपन कम होता है जो पूरे दिन सुचारू संचालन सुनिश्चित करता है। यह 50 से 55 एचपी कैटेगरी का ट्रैक्टर ईंधन दक्षता एवं बेजोड़ प्रदर्शन का एक आइडियल कंबिनेशन प्रदान करता है। कुबोटा MU 5502 की शुरुआती कीमत 9,59,000* रुपये (एक्स-शोरूम) है। बाजार में कुबोटा MU 5502 4WD नामक फोर-व्हील-ड्राइव वेरिएंट भी उपलब्ध है।
महिंद्रा युवो टेक+ 575 में एक शक्तिशाली 4-सिलेंडर ELS इंजन होता है, जो 241 ग्राम/किलोवाट घंटा की विशिष्ट ईंधन खपत (SFC) के साथ उच्च टॉर्क एवं बैकअप टॉर्क पैदा करता है। एक्स्ट्रा लॉन्ग स्ट्रोक 47 एचपी का हाई पॉवर आउटपुट देते हुए कम ईंधन खपत सुनिश्चित करता है। यह ट्रैक्टर खेती एवं ढुलाई दोनों के लिए सबसे उपयुक्त है। इसमें उन्नत तकनीक एवं बेस्ट-इन-क्लास PTO एचपी, समानांतर कूलिंग, प्लैनेटरी रिडक्शन, हेलिकल गियर, एवं हाई प्रीसिजन हाइड्रोलिक्स जैसी विशेषताएं होती हैं। यह महिंद्रा युवो टेक+ ट्रैक्टर अपनी उच्च उत्पादकता एवं आराम के लिए पसंद किया जाता है। भारत में 7,50,000* (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर महिंद्रा युवो टेक+ 575 खरीद सकते हैं। महिंद्रा युवो टेक+ 575 4WD अधिक ट्रैक्शन एवं पडलिंग जैसे कार्यों के लिए बेस्ट माने जाते हैं।
महिंद्रा 575 DI XP प्लस ELS इंजन से लैस 46.9 एचपी का ट्रैक्टर है, जो न केवल कठिन कामों को आसान बनाता है बल्कि 248 g/kWh के SFC के साथ कम ईंधन खपत करता है। लंबे स्ट्रोक के कारण, यह आदर्श ईंधन खपत पर अधिक पॉवर जनरेट करता है। यह ट्रैक्टर उच्च टॉर्क के कारण कम समय में अधिक कवरेज प्रदान करता है। इसका बैकअप टॉर्क भी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ में से एक है, जो गहरी जुताई को आसान बनाता है। इस महिंद्रा ट्रैक्टर को इसके आराम, कम रखरखाव, उच्च उत्पादकता एवं कम ईंधन खपत के लिए अवश्य ही चुना जाना चाहिए। महिंद्रा 575 DI XP प्लस की कीमत 7,38,300* रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।
जापानी तकनीक के साथ, सोलिस 4515 ई 4WD पडलिंग जैसे हैवी कार्यों के लिए विश्वसनीय एवं हाई परफोर्मेंस वाला ट्रैक्टर है। 48 एचपी E3 इंजन के साथ, यह बेहतरीन पिकअप एवं टॉर्क प्रदान करता है। इसका अधिकतम टॉर्क 205 Nm होता है। इसके अलावा, यह E3 इंजन कुशल ईंधन दहन के लिए अनुकूलित है एवं 250 g/kWh का SFC प्रदान करता है। ट्रैक्टर में टर्न प्लस एक्सल होता है, जो एक छोटा टर्निंग रेडियस एवं आसान गतिशीलता सुनिश्चित करता है। यदि आप तकनीकी रूप से उन्नत इंजन, हाइड्रोलिक्स एवं ट्रांसमिशन सिस्टम वाला ट्रैक्टर चाहते हैं, तो इस 4WD ट्रैक्टर को खरीदने पर विचार किया जा सकता है। सोलिस 4515 ई 4WD की कीमत 9,25,000* रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। इसका टू-व्हील ड्राइव वैरिएंट, सोलिस 4515 ई, भी अधिक किफायती विकल्प के रूप में माना जा सकता है।
पॉवरट्रैक यूरो 50 में 250 ग्राम/किलोवाट घंटा का SFC है। यह एक मल्टी-टास्किंग ट्रैक्टर है, जो कृषि एवं ढुलाई के कई तरह के कामों को आसानी से संभाल सकता है। यह 50 एचपी का ट्रैक्टर डीजल-सेवर तकनीक से लैस है, जो अधिक काम एवं बचत सुनिश्चित करता है। इसमें एक मजबूत फ्रंट एक्सल है, जो ट्रैक्टर को भारी ढुलाई जैसे मांग वाले कार्यों के लिए उपयुक्त बनाता है। इसका सेंसि 1 लिफ्ट हाइड्रोलिक्स एक समान वर्किंग डेप्थ सुनिश्चित करने के लिए बेहतर सेंसिटिविटी प्रदान करता है। पॉवरट्रैक यूरो 50 एक संपूर्ण पैकेज है, जो सड़क के साथ-साथ फ़ील्ड्स में बेहतरीन प्रदर्शन करता है। पॉवरट्रैक यूरो 50 की कीमत 8,10,000* रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।
न्यू हॉलैंड 3230 TX सुपर 45 एचपी का ट्रैक्टर है, जिसका SFC 252 g/kWh है। इसका FPT इंजन अपनी उच्च ईंधन दक्षता, पॉवर, टॉर्क एवं अपने भरोसे के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। यह बिना फिसलन एवं RPM ड्रॉप के भारी उपकरणों की एक विस्तृत रेंज को चलाने के लिए हाई PTO पॉवर प्रदान करता है। Eptraa PTO के कारण ट्रैक्टर अधिक ईंधन भी बचाता है। सात PTO स्पीड के साथ, आप विभिन्न उपकरणों के साथ काम करने के लिए आसानी से उपयुक्त PTO स्पीड का चयन कर सकते हैं। न्यू हॉलैंड 3230 TX सुपर, पोटैटो प्लान्टर, 2-बॉटम रिवर्सिबल प्लाऊ, 6-फीट रोटावेटर, 11-टाइन कल्टीवेटर एवं ढुलाई जैसे कार्यों के लिए एकदम सही है। इसकी कीमत 7,15,000* रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। भारी-भरकम कामों के लिए, इसके 4-व्हील ड्राइव वैरिएंट, न्यू हॉलैंड 3230 TX सुपर 4WD को खरीदने के बारे में सोच सकते हैं।
3-सिलिंडर, 41-50 एचपी इंजन के साथ, स्वराज 744 FE ट्रैक्टर आइडियल ईंधन खपत पर बेहतरीन परफोर्मेंस प्रदान करता है। इस ट्रैक्टर मॉडल का SFC 257 g/kWh है। इसकी उच्च दक्षता 1 से कम के बोर स्ट्रोक अनुपात के कारण भी है। यह ट्रैक्टर कृषि एवं ढुलाई कार्यों के एक विस्तृत रेंज को आसानी से हैंडल कर सकता है। यह चुनौतीपूर्ण कार्यों एवं विभिन्न हैवी ड्यूटी इम्प्लीमेंट के संचालन के दौरान हाई टॉर्क उत्पन्न करता है। इसके मजबूत फ्रंट एक्सल की वजह से उबड़-खाबड़ इलाकों में काम करने में कोई समस्या नहीं होती है। नया मॉडल अब LED फेंडर एवं टेल लैंप के साथ आता है। यह मल्टी-टास्किंग एवं अधिक पॉवर वाले ट्रैक्टर की चाह रखने वाले किसानों के लिए एक बढ़िया आप्शन है। स्वराज 744 FE की कीमत भारत में 7,31,400* रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है। यदि बेहतरीन प्रदर्शन, स्टेबिलिटी एवं ट्रैक्शन वाला ट्रैक्टर चाहिए तो स्वराज 744 FE 4WD को खरीदने के बारे में विचार कर सकते हैं।
आयशर 551 प्राइमा G3 का 3-सिलेंडर इंजन 49 एचपी का हाई पॉवर आउटपुट उत्पन्न करता है। इस आयशर ट्रैक्टर का SFC 258 g/kWh है। यह अपनी उच्च खींचने की शक्ति के लिए किसानों के बीच अत्यधिक पॉपुलर है। यह भारी ढुलाई के लिए सबसे अच्छे ट्रैक्टरों में से एक है। कम ईंधन खपत के लिए भी ट्रैक्टर बाजार में एक टॉप विकल्प है। यह मुख्य रूप से इसके हाई टॉर्क-फ्यूल सेवर (HT-FS) लिक्विड-कूल्ड इंजन की वजह से है। यह उच्च उत्पादकता एवं अधिक ईंधन बचत दोनों प्रदान करता है। इसमें 4 PTO मोड के साथ मल्टीस्पीड PTO भी होता है, जो उपकरणों के कुशल संचालन को सुनिश्चित करता है। इसलिए, आयशर 551 प्राइमा G3 विविध कृषि एवं कमर्शियल कार्यों के लिए एक अच्छा आप्शन है। आयशर 551 प्राइमा जी3 की शुरुआती कीमत 7,30,000* रुपये (एक्स-शोरूम) है। इसका फोर-व्हील ड्राइव वैरिएंट, आयशर 551 प्राइमा G3 4WD, जो वेटलैंड पडलिंग के लिए आइडियल है।
मैसी फर्ग्यूसन 241 DI प्लेनेटरी प्लस अपने 3-सिलेंडर, 42 एचपी सिम्पसन इंजन एवं 265 g/kWh के SFC के साथ उच्च ईंधन दक्षता प्रदान करता है। यह कम इंजन RPM पर उच्च खींचने की शक्ति उत्पन्न करता है एवं ढुलाई कार्यों एवं नियमित खेती के काम के लिए अत्यधिक उपयुक्त है। यह मैसी फर्ग्यूसन ट्रैक्टर बेहतरीन ट्रैक्शन एवं स्टेबिलिटी प्रदान करता है। खेत पर अधिक काम करने में इसे कम समय लगता है। यदि आप विभिन्न कार्यों के लिए एक टिकाऊ ट्रैक्टर चाहते हैं तो इस ट्रैक्टर को चुनें। मैसी फर्ग्यूसन 241 DI प्लेनेटरी प्लस की कीमत 7,06,628* रुपये (एक्स-शोरूम) बताई गई है।
जॉन डियर 5050 डी 50 एचपी रेंज में एक बेहद शक्तिशाली एवं विश्वसनीय ट्रैक्टर है। यह 270 ग्राम/किलोवाट घंटा के SFC के साथ टॉप 10 के लिस्ट में सबसे नीचे है। इसका इंजन प्रकार जॉन डियर 3029डी, नैचुरली एस्पिरेटेड है। वेट लाइनर इंजन अपनी मजबूती एवं कम रखरखाव के लिए पॉपुलर है। यह एक उच्च टॉर्क रिजर्व प्रदान करता है, यही वजह है कि ट्रैक्टर का व्यापक रूप से भारी-भरकम लोड वाले कार्यों के लिए उपयोग किया जाता है। इस 5050 डी मॉडल में ड्राई एयर क्लीनर, पिस्टन कूलिंग के लिए ऑयल जेट, ओवरफ्लो जलाशय के साथ रेडिएटर एवं टॉप शाफ्ट लुब्रिकेशन जैसी उन्नत सुविधाओं के कारण उच्च ईंधन दक्षता होती है। इसकी किफायती PTO स्पीड यह भी सुनिश्चित करती है कि उपकरण कम ईंधन की खपत के लिए कम RRPM पर काम करें। यदि आप एक मल्टी-पर्पस ट्रैक्टर के साथ अपनी उत्पादकता को अधिकतम करना चाहते हैं, तो जॉन डियर 5050 डी आपके लिए बेस्ट आप्शन है। इसके अलावा, भारी-भरकम कार्यों एवं चुनौतीपूर्ण इलाकों के लिए जॉन डियर 5050 डी 4WD उपयुक्त ट्रैक्टर है।
ईंधन कुशल ट्रैक्टर न केवल लागत में कमी लाते हैं, बल्कि किसानों की उपज एवं उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद करते हैं। सही ट्रैक्टर का चुनाव करना दीर्घकालिक लाभ के लिए जरूरी है। इस आर्टिकल में हमनें टॉप 10 बेस्ट माइलेज वाले यानी कम ईंधन खपत वाले ट्रैक्टर की कीमत सहित अन्य आवश्यक जानकारी के साथ चर्चा किया है। हमारा उदेश्य आपको ईंधन कुशल ट्रैक्टर की जानकारी देने के साथ आपकी समझ भी विकसित करना है, ताकि आप ट्रैक्टर खरीदने से पहले सभी पहलुओं का बेहतर तरीके से अवलोकन कर सकें। इसके आलावे भी अगर आप अन्य ट्रैक्टर्स की जानकारी चाहते हैं तो आप हमारे वेबसाइट के ट्रैक्टर पेज को एक्सप्लोर कर सकते हैं। आपकी सुविधा के लिए हमनें यहाँ ट्रैक्टर कम्पेयर टूल भी दिया है, जिसकी सहायता से आप किसी भी 2 ट्रैक्टर मॉडल की आपस में तुलना कर सकते हैं। अक्सर किसानों को ट्रैक्टर खरीदते समय बजट की समस्या का सामना करना पड़ता है, इसलिए हमनें किसानों की इस समस्या को समझते हुए ट्रैक्टर लोन के माध्यम से ट्रैक्टर खरीदने का भी आप्शन उपलब्ध कराया है। आशा है कि हम इस आर्टिकल से आपको टॉप 10 बेस्ट माइलेज वाले ट्रैक्टर की जानकारी देने में सफल हुए होंगे। ट्रैक्टर से जुड़ी अन्य अपडेटेड जानकारी प्राप्त करने के लिए आप हमारे टॉप आर्टिकल सेक्शन को निरंतर विजिट करें एवं अपना ज्ञान बढ़ाएं।