कृषि

करेला की वैज्ञानिक खेती: जानें मिट्टी की तैयारी से लेकर फल की तुड़ाई तक की पूरी प्रक्रिया

Updated on 12th June, 2025, By प्रशांत कुमार
शेयर करना
शेयर करना
करेला की वैज्ञानिक खेती: जानें मिट्टी की तैयारी से लेकर फल की तुड़ाई तक की पूरी प्रक्रिया
हरी सब्जियां हमारे दैनिक आहार का एक अहम् हिस्सा होती है, जो ना केवल हमारे भोजन को पूर्णता देते हुए इसके स्वाद को बढ़ाती है बल्कि हमारे शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की भी पूर्ति करती है। हरी सब्जियां विटामिन, खनिज एवं एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती हैं। सब्जियों में करेला एक ऐसी सब्जी है, जो स्वाद में तो कड़वी हैं, पर औषधीय गुणों एवं पोषक तत्वों से भरपूर होती है। इन गुणों से भरपूर होने के कारण कड़वी होने पर भी इस सब्जी का व्यापक तौर पर उपयोग किया जाता है। करेला का उत्पादन भारत के लगभग हर हिस्से में किया जाता है। हम इस आर्टिकल में करेले की खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी आपसे साझा करने जा रहे हैं, ताकि अगर आप इस सब्जी को उगाना चाहते हैं, तो उपयुक्त तरीके एवं देखभाल के द्वारा बेहतर उपज प्राप्त कर सकते हैं। देश की जनसंख्या जिस रफ़्तार से बढ़ रही है, उसी रफ़्तार से सब्जियों की भी मांग बढ़ रही है, पर हमारे पास भूमि उतनी की उतनी ही है और रहेगी भी। तो जरुरत है कृषि को उन्नत तरीकों से किया जाए, तभी हम बढ़ती खाद्य आपूर्ति की मांग को पूरा करने के साथ-साथ अपनी आय में भी बढ़ोतरी कर पाएंगें। अगर हम करेले की भी खेती भी वैज्ञानिक तरीके से करेंगे, तो निश्चय ही हमें वांछित परिणाम प्राप्त होंगें। तो आइये जानते हैं आप कैसे वैज्ञानिक तरीके से करेले की खेती कर बेहतर लाभ कमा सकते हैं। सबसे पहले करेले की खेती के महत्त्व के बारे में चर्चा कर लेते हैं।

करेले का हमारे लिए क्या महत्त्व है?

स्वास्थ्य की दृष्टि से-

  • शुगर के मरीजों को इसके सेवन की सलाह दी जाती है, क्योंकि इसमें चरंटिन एवं पोलिपेप्टाइड-P, दो कम्पाउंड पाए जाते हैं, जो ब्लड शुगर को नियंत्रित करने का कार्य करता है।
  • इसमें मौजूद मोमोर्ड्सीन खून को साफ़ करने का काम करता है।
  • यह फाइवर से भरपूर होता है, जो पाचन तंत्र को सही करने में मददगार साबित होता है।
  • यह विटामिन ए, विटामिन सी, आयरन एवं एंटीओक्सिडेंट का प्रमुख श्रोत है, जो शरीर की रोग से लड़ने की क्षमता में वृद्धि करता है।
  • इसके साथ ही यह हमारे त्वचा एवं बालों के लिए भी बहुत अच्छा माना जाता है। इसके सेवन से हमारी त्वचा रोगमुक्त होती है एवं बाल मजबूत होते हैं।

आर्थिक दृष्टि से-

  • इसकी मांग वर्षभर बनी रहती है, जिससे यह आय का एक स्टेबल सोर्स हो सकता है।
  • यह कम लागत एवं कम समय में तैयार होने वाली सब्जी है, वहीँ इसकी मार्केट में कीमत भी अच्छी मिलती है।
  • इसकी चिप्स, जूस, एवं पाउडर के रूप में हमेशा मांग रहती है, जिससे यह हमारे आय का एक प्रमुख स्रोत बन सकता है।

करेले की खेती का उपयुक्त मौसम एवं समय क्या है?

भारत में करेले की खेती प्रमुख रूप से खरीफ एवं रबी दोनों मौसम में की जाती है। ग्रीष्म ऋतु में 15 फरवरी से 15 मार्च तक की जाती है, वहीँ वर्षा ऋतु में 15 जून से 15 जुलाई तक इसकी बुआई की जाती है। लेकिन वर्षभर मांग होने की वजह से इसकी समय से पहले या समय के बाद भी खेती की जाती है। यानी कहें तो भारत में इसकी खेती वर्ष भर की जाती है।

करेले की खेती के लिए उपयुक्त जलवायु कौन सी है?

करेले की खेती के लिए गर्म एवं आर्द्र जलवायु उपयुक्त मानी जाती है। करेले के बीज के स्वस्थ अंकुरण के लिए 30 से 35 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान एवं पौधे के अनुकूल विकास के लिए 32 से 38 डिग्री का तापमान उपयुक्त माना जाता है।
करेले की खेती के लिए उपयुक्त मिट्टी कौन सी होती है?

बलुई दोमट एवं ह्यूमस वाली चिकनी मिट्टी करेले के लिए उपयुक्त मानी जाती है, क्योंकि इसकी जल धारण क्षमता अधिक होने के साथ पीएच वैल्यू 6 से 7 के बीच होता है। करेले की खेती के लिए वैसी भूमि का चुनाव करना चाहिए, जहाँ जलनिकासी की उपयुक्त व्यवस्था हो।    

करेले की खेती के लिए मिट्टी की तैयारी कैसे की जाती है?

करेले की खेती के लिए मिट्टी की तैयारी करने के लिए कोई विशेष प्रक्रिया नहीं अपनाई जाती है, बल्कि इसके लिए पारंपरिक हल या कल्टीवेटर के द्वारा 3 से 4 बार अच्छी तरह से जुताई करनी होती है। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक जुताई के बाद पाटा लगाकर मिट्टी को भुरभुरी एवं मिट्टी के तल को एक समान कर लेना चाहिए, जिससे सिंचाई के दौरान पानी की समान मात्रा मिट्टी तक जा सके।

करेले की उन्नत किस्में

फसल के सही किस्म का चुनाव करना बहुत ही अहम् कार्य माना जाता है। क्योंकि यह आपके उपज को प्रभावित करता है। हो सकता है पूर्व में बीज के जिस किस्म का आप उपयोग कर रहे थे, उससे अधिक उपज देने वाली उन्नत किस्म मार्केट में उपलब्ध हो। इसलिए आपको बीज के चुनाव करने में थोड़ा जागरूक एवं अपडेटेड रहने की जरुरत है। अगर कोई नई किस्म विकसित की गयी हो, तो इसकी जानकारी आप अपने जिले के कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) से प्राप्त कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि अभी हाल ही में आयोजित पूसा कृषि विज्ञान मेले में करेले की विकसित 3 संकर किस्मों को विकसित किये जाने की जानकारी दी गयी है। नीचे करेले की कुछ प्रमुख उन्नत किस्मों की जानकारी दी जा रही है, जिसे रोग-प्रतिरोधी होने के साथ-साथ बेहतर उपज वाला माना जाता है।

पूसा दो मौसमी-

यह किस्म खरीफ एवं जायद दोनों मौसमों में बोई जा सकती है। इसकी बुआई से लेकर तुड़ाई तक का समय लगभग 55 दिनों का होता है। इसके फल हरे, थोड़े मोटे होते हैं, जिसकी लम्बाई 18 सेमी तक होती है।

पूसा विशेष-

यह खरीफ मौसम में बोई जाने वाली प्रमुख किस्म है। इसके फल हरे, पतले एवं मध्यम आकार के होते हैं, जिसका वजन 115 ग्राम तक होता है।

अर्का हरित-

यह उनके लिए बहुत ही उपयुक्त किस्म है, जो करेले की कड़वाहट से परहेज करते हैं, क्योंकि यह बहुत ही कम कड़वी फल देता है। इसके साथ ही इस किस्म के फल में बीज की भी बहुत कम मात्रा होती है।

कल्यानपुर बारह मासी-

यह विशेषकर खरीफ मौसम में बोई जाने वाली किस्म है, इसके फल हल्के हरे एवं काफी लंबाई वाले होते हैं। यह किस्म लम्बे समय तक उपज देने की क्षमता रखता है।

करेले की खेती के लिए खाद एवं उर्वरक का प्रयोग कैसे करनी चाहिए?

करेले की खेती के लिए नाइट्रोज, फास्फोरस एवं पोटाश उर्वरक का प्रयोग किया जाता है। जहाँ तक इसकी मात्रा कि बात है, तो आप एक हेक्टेयर में 50 किलोग्राम नाइट्रोजन, 25 से 30 किलोग्राम फास्फोरस, एवं 20 से 30 किलोग्राम पोटाश का प्रयोग करें। ध्यान रहे एक ही बारी में सभी को नहीं डालनी है, बल्कि नाइट्रोजन की एक तिहाई मात्रा, फास्फोरस एवं पोटाश की पूरी मात्रा खेत यानी मिट्टी की तैयारी के समय डालनी चाहिए। बचे हुए नाइट्रोज को बीज की बुआई से 30 से 45 दिनों के बाद फसल के जड़ के पास ड्रेसिंग करनी चाहिए।

करेले के बीज की मात्रा कितनी होनी चाहिए?

जैसे बीज का चुनाव अहम् होता है, उसी तरह बीज की सहित मात्रा का निर्धारण भी कृषि का एक महत्वपूर्ण भाग है। बीज की कम या अधिक मात्रा, दोनों स्थितियों में आपके उपज पर प्रभाव डाल सकता है। एक हेक्टेयर में करेले की सब्जी उगाने के लिए 5 से 6 किलोग्राम बीज की आवश्यकता होती है।

करेले के बीज की बुआई की दूरी कितनी होनी चाहिए?

करेले की बीज की बुआई मिट्टी के मेड़ों पर करना उपयुक्त होता है। कतार से कतार की दूरी 1।5 से 2।5 मीटर रखनी चाहिए, वहीँ पौधे से पौधे की दूरी 45 से 60 सेमी रखनी चाहिए।

करेले की खेती में कितनी मात्रा में सिंचाई करनी चाहिए?

सिंचाई की मात्रा मिट्टी के प्रकार एवं जलवायु पर निर्भर करती है। सामान्यतः खरीफ ऋतु में खेती की सिंचाई की आवश्यकता नहीं होती है। परन्तु यदि वर्षा सामान्य ना हुयी हो तो आवश्यकतानुसार सिंचाई करनी चाहिए। वहीँ गर्मी के मौसम में चूँकि तापमान अधिक रहती है, जिससे मिट्टी की नमी सूख जाती है। इसलिए इस मौसम में आपको 4 से 5 दिन के अन्तराल में सिचाई करते रहने की जरुरत होती है।

करेले की खेती में खरपतवार का नियंत्रण कैसे करें?

वर्षा ऋतु हो या गर्मी, अक्सर सिंचाई के बाद खेतों में कई तरह के खरपतवार उग आते हैं, जिसे समय रहते निकाल देना आवश्यक है। नहीं तो ये पौधे को मिलने वाली नमी को खुद ले लेते हैं। पौधे के स्वस्थ एवं बेहतर विकास के लिए पूरे फसल काल में कुल 2 से 3 बार गुड़ाई अवश्य करनी चाहिए।

करेले की फसल में लगने वाले प्रमुख कीट एवं उनका नियंत्रण

फसल की बुआई से तुड़ाई तक किसानों को फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होती है। स्वाद में कड़वी इस सब्जी को भी अपना आहार बनाने वाली बहुत सी कीटें हैं, जिनसे समय रहते पौधे का बचाव करना आवश्यक है। आइये जानते हैं, वे कौन-कौन सी कीटें हैं, जो करेले की फसल को नुकसान पहुँचाने का काम करते हैं।

रेड पम्पकिन बीटल-

यह चमकीला नारंगी रंग का कीट होता है, जिसके सिर, वक्ष, एवं उदर का निचला भाग काला होता है। इसकी इल्ली का निवास स्थान मिट्टी है, जो वयस्क होने पर पौधे की पत्तियों को नुकसान पहुंचाती है। इनकी सक्रियता जनवरी से मार्च महीने में अधिक रहती है। अगर अधिक मात्रा में ये फसल पर आक्रमण कर दें, तो पूरे फसल को पत्तीविहीन कर सकते हैं।

इसके नियंत्रण के लिए आपको सुबह ओस पड़ने के वक्त पौधे की पत्तियों पर राख का छिडकाव करना चाहिए। इससे यह पौधे की पत्तियों पर नहीं बैठते हैं, जिससे पत्तियां नुकसान से बची रहती है। जैविक तरीके से भी इसपर नियंत्रण पाया जा सकता है, इसके लिए आपको आजादीरेक्टिन 300 पीपीएम @5-10 मिली/लीटर या आजादीरेक्टिन 5 प्रतिशत @0.5 मिली/लीटर की दर से 2 से 3 बार छिड़काव करनी चाहिए। इस कीट का अगर अधिक प्रकोप हो जाए तो आप त्वरित परिणाम के लिए कीटनाशक डाईक्लोरोवास या ट्राईक्लोफेरान का भी छिडकाव कर सकते हैं।

फल मक्खी-

इसकी प्रौढ़ मक्खी गहरे भूरे रंग की होती है। इसके सिर पर काले एवं सफ़ेद धब्बे पाए जाते हैं। यह मुलायम फलों के छिलके के अन्दर अंडा देना पसंद करती है, जिसके बाद अंडे से सूडी निकलकर फल के अन्दर का भाग खा जाती है।

इसके नियंत्रण के लिए गर्मी के मौसम में खेत की गहरी जुताई करनी चाहिए। या फिर पौधे के आसपास खुदाई करने पर मिट्टी के अन्दर फलमक्खी के प्यूमा तक धूप का प्रवेश होने पर यह नष्ट हो जाता है। इसके साथ ही त्वरित परिणाम प्राप्त करने के लिए आप डाईक्लोरोवास या कार्बारिल या मैलाथियान के घोल का उपयोग कर सकते हैं।

करेले की फसल में लगने वाले प्रमुख रोग एवं उनका नियंत्रण

चूर्णिल फफूंद-

यदि पौधे की पत्तियों एवं तनों की सतह पर सफ़ेद या धुंधले धूसर दिखाई देने लगे तो समझिये यह चूर्णिल फफूंद रोग है। इस रोग से ग्रसित होने पर फलों का आकार छोटा हो जाता है।

इसके नियंत्रण का सबसे आसान तरीका है, इस रोग से ग्रसित हुए सभी पौधे को जड़ से उखाड़ कर इकठ्ठा का उसे जला दें। या फिर ट्राईडीफॉर्म या माइक्लोब्लूटानिल जैसे फफूंदनाशक का पानी के साथ घोल बनाकर छिडकाव कर सकते हैं।

मृदुरोमिल फफूंदी-

इस रोग का प्रकोप वर्षा एवं गर्मी, दोनों समय बोई जाने वाली फसलों पर हो सकता है। इस रोग के लक्षण में पत्तियों के शिराओ में कोणीय धब्बे का बनना है।

इस रोग से बचने के लिए बुआई से पूर्व मेटलएक्सल कवकनाशी से बीज का उपचार करना चाहिए। या मैंकोजेब का पानी के साथ घोल बनाकर छिडकाव करना चाहिए।

फल विगलन रोग-

इस रोग रोग से प्रभावित होने पर करेले के फल पर कवक की मात्रा में वृद्धि हो जाती है, जिससे फल सड़ने लगता है।

इसके लिए खेत में उचित जल-निकास की व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही यह ध्यान रखना चाहिए की फलों का स्पर्श भूमि से ना होने पाए।

मोजैक विषाणु रोग-

इस रोग के ग्रसित होने पर पत्तियां चितकबरा हो जाती है एवं सिकुड़ जाती है। इसके साथ ही पत्तियां छोटी हो जाती है। इसके संक्रमण होने से पौधे का विकास रुक जाता है।

इसके नियंत्रण के लिए कोई प्रभावी उपाय तो नहीं है, लेकिन इससे ग्रसित पौधे को नष्ट कर इस रोग पर नियंत्रण प्राप्त किया जा सकता है। या फिर इमिडाइक्लोरोप्रिड की उपयुक्त मात्रा का पानी के साथ घोल बनाकर 10 दिन के अंतराल में छिडकाव कर सकते हैं।

करेले की तुड़ाई कब करें?

जब फलों का रंग गहरे हरे से हल्के हरे रंग का हो जाए, तो समझिये कि अब ये परिपक्व हो गया है और इसकी तुड़ाई की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि करेले की फल की तुड़ाई एक ही बार में नहीं बल्कि बारी बारी से करते रहनी चाहिए। सामान्यतः बीज की बुआई से 60 से 75 दिन के बाद फल तोड़ने योग्य हो जाता है। फल के परिपक्व होने के शुरू होने के बाद तुड़ाई का कार्य हर 3 दिन के अन्तराल पर करते रहना चाहिए।

ट्रैक्टरकारवां की ओर से

हमनें इस आर्टिकल में करेले की खेती से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी को समेटने का प्रयास किया है। अगर कोई किसान करेले की खेती करने के उत्सुक है, तो आशा करते हैं उन्हें इस आर्टिकल में दी गयी जानकारी से लाभ हुआ होगा। उल्लेखनीय है कि करेला एक बहुउपयोगी सब्जी है, जो स्वास्थ्य के साथ-साथ किसानों की आय को भी बढ़ाता है। वैज्ञानिक तरीके से खेती करने से न केवल उत्पादन में वृद्धि होती है, बल्कि बाजार में बेहतर कीमत भी मिलती है। विज्ञान एवं प्रद्योगिकी का कृषि क्षेत्र में जितना अधिक उपयोग करेंगे, उतना ही अधिक बेहतर परिणाम प्राप्त कर पाएंगे। देश को खाद्यान्न की आपूर्ति में आत्मनिर्भर बनाने के लिए आज हर फसल की खेती में वैज्ञानिक तरीके अपनाये जाने की जरुरत है। इसी तरह की अन्य जानकारी के साथ हम टॉप आर्टिकल सेक्शन के अगले आर्टिकल में आपसे मुलाकात की आशा करते हैं।

प्रशांत कुमार
Published By
प्रशांत कुमार
प्रशांत कुमार ट्रैक्टर एवं कृषि क्षेत्र में रुचि रखने वाले एक अनुभवी हिंदी कंटेंट एक्सपर्ट हैं। लेखनी के क्षेत्र में उनका 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने इससे पूर्व में विभिन्न मीडिया हाउसेस के लिए काम किया है। अपने खाली समय में, वे कविता लिखना, पुस्तकें पढ़ना एवं ट्रेवल करना पसंद करते हैं।
प्रशांत कुमार के बारे में और पढ़ें


पॉपुलर आर्टिकल


कैटेगरी के अनुसार अन्य आर्टिकल

Close

कॉल करें

+91-8925-8521-29
Disclaimer: Tractorkarvan is providing indepth & well-researched information on the farm machineries. It is involved only in sourcing leads for TVS Credit products and 'Tractor Karvan' does not directly facilitate the purchase and sale of vehicles and agricultural implements as a 'live marketplace' and nor provide loans directly.